लोहरदगा|लोहरदगा जिले के पंचायत मसमानो अंतर्गत गांव बेदाल में ग्रामीण पशुपालकों के लिए दो दिवसीय विशेष पशु चिकित्सा शिविर (प्रथम चरण 2025-26) का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मैजिक इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से तथा कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग (पशुपालन प्रभाग) के तत्वावधान में संपन्न हुआ। शिविर का संचालन प्रमुख चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार (बीएचओ) के नेतृत्व में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पशुपालक अपने मवेशियों को लेकर पहुंचे। यहां पशुओं की जांच, निःशुल्क परामर्श और दवा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, रोकथाम उपाय एवं बेहतर पोषण संबंधी जानकारियां दी गईं। इस दौरान ग्रामीणों को विभागीय एंबुलेंस सेवा और टोल-फ्री नंबर 1962 के बारे में भी जानकारी दी गई, ताकि भविष्य में आपात स्थिति में वे आसानी से सहायता प्राप्त कर सकें। ग्रामीण पशुपालकों ने इस शिविर से काफी संतोष जताया। उनका कहना था कि ऐसे शिविरों से पशुओं की देखभाल में मदद मिलती है और समय पर इलाज मिलने से पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा। इस पहल से न केवल गांव बेदाल बल्कि आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को भी लाभ हुआ।


