छत्तीसगढ़ के बेमेतरा के ग्राम ताकम की रहने वाली छात्रा वैशाली साहू ने 12वीं में टॉप किया है। 97.20 प्रतिशत अंक के साथ वैशाली का प्रदेश की मेरिट सूची में तीसरा स्थान है। विधायक दीपेश साहू ने बुधवार को घर पहुंचे उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। वैशाली ने बेरला के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता पिता को दिया है। भविष्य में वे सिविल सर्विसेज की तैयारी कर आईएएस अधिकारी बनना चाहती है। पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन – MLA विधायक ने वैशाली साहू को देते हुए कहा कि बेमेतरा की बेटी वैशाली साहू ने अपनी मेहनत, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। यह सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा है। वैशाली ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। प्रदेश की टॉप सूची में बनाई जगह दीपेश साहू ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। समाज में सकारात्मक परिवर्तन की प्रतीक बन चुकी हैं। वैशाली जैसी बेटियां छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि हमारे जिले से इतनी होनहार और संकल्पशील प्रतिभा ने प्रदेश की टॉप सूची में जगह बनाई है। वैशाली ने IAS बनने का संकल्प लिया इस दौरान विधायक ने कहा कि वैशाली ने IAS बनने का संकल्प लिया है और मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि वह निश्चित ही इस सपने को साकार करेगी और समाज की सेवा में अपना योगदान देगी। विधायक दीपेश साहू ने ये भी कहा कि वे जिले की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।


