झुंझुनूं जिले में सोमवार देर रात हुई बेमौसम बरसात ने किसानों की मेहनत पर पूरी तरह से पानी फेर दिया है। कटाई के बाद खेतों में सूखने के लिए रखी गई मूंगफली और चारा पूरी तरह भीग गया है, जिसका सीधा असर उपज और चारे की गुणवत्ता पर पड़ेगा। कृषि विभाग ने आशंका जताई है कि मूंगफली और कपास जैसी फसलों में 20 से 40 प्रतिशत तक का भारी नुकसान हो सकता है। बारिश से जहां एक ओर फसलें बर्बाद हुई हैं, वहीं दूसरी ओर तापमान में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई है। पिलानी मौसम केंद्र के अनुसार, जिले का अधिकतम तापमान एक ही दिन में 11.2 डिग्री गिरकर 35.3 से 24.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। न्यूनतम तापमान भी 22.5 से घटकर 18.4 डिग्री रह गया। तेज हवा के साथ हुई इस बरसात ने गर्मी को अलविदा कहकर अचानक ‘गुलाबी सर्दी’ का अहसास करा दिया है। फसलों को भारी नुकसान: 40% तक उपज प्रभावित कृषि विभाग के अनुसार, चिड़ावा में 35 एमएम और मंडावा में 30 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिसने मूंगफली और कपास की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। जिले में मूंग, मोठ, चंवला और बाजरा की कटाई लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन मूंगफली और कपास की कटाई जारी थी। कृषि विभाग की सहायक निदेशक सविता ने बताया कि जिन किसानों ने मूंगफली की कटाई कर खेतों में रखी थी, उन्हें सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बरसात से फली का रंग और दाना दोनों प्रभावित होंगे। कपास में भी करीब 20 प्रतिशत तक नुकसान का अनुमान है। इसके अलावा, ग्वार की फली पकने की अवधि भी बढ़ गई है, जिससे कटाई के काम में देरी होगी। रबी फसलों की बुवाई के लिए शुभ संकेत हालांकि, कृषि विशेषज्ञ इस गिरावट को रबी की फसलों के लिए एक अच्छी शुरुआत भी मान रहे हैं। सहायक निदेशक सविता ने कहा कि तापमान अब 25 डिग्री से नीचे आने पर चना, सरसों और तारामीरा जैसी रबी फसलों की अगेती बुवाई संभव हो सकेगी। सामान्यतः यह बुवाई 15 अक्टूबर के बाद शुरू होती है, लेकिन अब किसान इसे पहले आरंभ कर सकेंगे। किसान पर बिजली गिरी, हुई मौत इस बेमौसम बरसात ने एक किसान की जान भी ले ली। मंडावा क्षेत्र के हेतमसर गांव में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से रूपलीसर (चूरू) निवासी सीताराम जाट (28) की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने भाई बाबूलाल के साथ भागीरथ सिंह राजपूत के खेत में रेवड़ चरा रहा था। तेज बारिश से बचने के लिए दोनों एक पेड़ के नीचे बैठे थे, तभी यह हादसा हुआ। मंडावा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।


