सुकमा| जिले में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम लाने कलेक्टर अमित कुमार ने शिक्षा विभाग के अफसरों व प्राचार्यों की बैठक लेकर निर्देश दिए। कलेक्टोरेट में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बच्चों के बेहतर प्रदर्शन में प्राचार्यों की भूमिका सबसे अहम है। उन्हें विद्यालय स्तर पर छात्र-शैक्षणिक प्रबंधन को अधिक सक्रिय, जिम्मेदार और योजनाबद्ध तरीके से संचालित करना होगा। बैठक में पिछले वर्ष के बोर्ड परिणाम, त्रैमासिक व अर्धवार्षिक परीक्षाओं के प्रदर्शन और एमएलएन असेस्मेंट की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष शैक्षणिक योजना बनाई जाए। विषयवार ग्रुप बनाकर नियमित एक्स्ट्रा क्लास, राइटिंग क्लास और चर्चा सत्र आयोजित किए जाएं।


