बेहोश होकर गिरी 12वीं छात्रा, मौत:सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद हादसा, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट

झालावाड़ के पिड़ावा क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल में सोमवार दोपहर 12वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। छात्रा के पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के समापन के बाद स्कूल परिसर में अचेत होकर गिरी छात्रा पूजा (16) पुत्री तेजसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पूजा पिड़ावा क्षेत्र के गांव रूपाखेड़ी की निवासी थी और राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल रमायदलपत में पढ़ती थी। सोमवार सुबह वह घर से स्कूल आई थी। स्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद करीब 12 बजे पूजा पानी पीने गई, तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी। घटना के बाद पंचायत सहायक और ग्रामीण उसे निजी वाहन से पिड़ावा के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद छात्रा के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया और पोस्टमॉर्टम कराया गया। मृतका के पिता तेजसिंह ने पिड़ावा पुलिस थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉ. आदिश जैन ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्रा पूजा की मौत कार्डियक अरेस्ट से होना प्रतीत हो रही है, लेकिन विस्तृत जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पूजा पांच बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी दो छोटी बहनें भी स्कूल जाती हैं। पूजा के गांव से स्कूल की दूरी लगभग 2 किलोमीटर बताई गई है। पुलिस को दी रिपोर्ट जांच शुरू पिड़ावा थाने के की रामपाल यादव ने बताया कि मृतका के पिता की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। रिपोर्ट के अनुसार छात्रा कार्यक्रम के बाद पानी पीने गई थी, तभी अचेत होकर गिर पड़ी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की जांच की जा रही है। संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच प्रारम्भ कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *