बैंककर्मियों की वीक में ‘फाइव डे’ वर्किंग की मांग:हर शनिवार छुट्टी के लिए धरना-प्रदर्शन,सोशल मीडिया पर भी चलाया कैंपेन

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने पांच दिन के कार्य सप्ताह और हर शनिवार छुट्‌टी की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जयपुर में भी बैंक कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। बैंक कर्मचारी नेता सूरज भान सिंह आमेरा ने बताया- बैंकिंग सेक्टर की पांच कर्मचारी यूनियन और चार अधिकारी संगठन मिलकर यह संयुक्त आंदोलन चला रहे हैं। देशभर में प्रदर्शन, धरने और ट्विटर अभियान के साथ हड़ताल की घोषणा भी की गई है। आज देश के दस लाख से ज्यादा बैंक कर्मचारी और अधिकारी सुबह सात बजे से ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर #5DayBankingNow हैश-टैग के साथ ट्विटर अभियान चला रहे हैं। पांच दिन के बैंक कार्य सप्ताह की मांग पर सभी राज्यों की राजधानियों में बैंक कार्मिकों ने धरना आयोजित कर प्रदर्शन किया। यूएफबीयू के संयोजक महेश मिश्रा ने जानकारी दी कि जयपुर में यह धरना एलआईसी बिल्डिंग, अंबेडकर सर्किल स्थित यूनियन बैंक के बाहर आयोजित किया गया। मिश्रा ने तर्क दिया कि जब केंद्र व राज्य कर्मियों, रिजर्व बैंक व नाबार्ड कर्मियों, एलआईसी और जीआईसी कर्मियों, सेबी और स्टॉक एक्सचेंज में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू है, तो डिजिटल ऑनलाइन बैंकिंग और एटीएम सुविधाओं के बावजूद बैंक कर्मियों का भी पांच दिन का कार्य सप्ताह होना चाहिए। मिश्रा ने यह भी बताया कि बैंक कर्मचारी अधिकारी संगठनों के यूनाइटेड फोरम और भारतीय बैंक संघ के बीच पांच साल पहले इस मांग पर लिखित सहमति बन गई थी। इसके बावजूद वित्त मंत्रालय इसे स्वीकृत नहीं कर रहा है, जिससे बैंक कर्मियों में भारी असंतोष व्याप्त है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *