बैंककर्मी की मौत पर रैली निकाली, कार्रवाई की मांग:बिस्टान शाखा में अनुचित दबाव बनाने का आरोप; दिल का दौरा पड़ने से हुई थी मौत

खरगोन जिले के बिस्टान स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा में सहायक लेखापाल अनिसुद्दीन जिलानी की 19 जनवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बैंककर्मियों में रोष व्याप्त है। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार शाम मध्य प्रदेश बैंक एम्पलाईज एसोसिएशन को-ऑप यूनिट और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी संघ ने शहर में एक रैली निकाली। संघ के ओम रघुवंशी और बैंक यूनियन अध्यक्ष अरुण पाटीदार ने बताया कि सहायक गणक अनिसुद्दीन जिलानी पर अनुचित दबाव बनाया गया था। उनका आरोप है कि इसी दबाव के कारण जिलानी घबरा गए और उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शाखा प्रबंधक श्यामलाल सोलंकी ने घटना का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने बताया कि भाजपा के भगवानपुरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंदर सिंह वास्कले, भूपेंद्र नायक और आकाश ठाकुर किसी ऋण प्रकरण के संबंध में शाखा में आए थे। सोलंकी के अनुसार, कक्ष में ऋण प्रकरण पर चर्चा के दौरान उन्होंने सोलंकी और मृतक जिलानी से विवाद करना शुरू कर दिया। सोलंकी ने स्पष्ट किया था कि 17 जनवरी को ऋण वितरित कर संबंधित के खाते में राशि जमा कर दी गई थी। इसके बावजूद, उन लोगों ने जिलानी पर दबाव बनाया और उनसे माफी मंगवाई। शाखा से बाहर जाते समय भी वे बैंक काउंटर पर रुककर बहस करते रहे। सोलंकी ने बताया कि इसी दौरान जिलानी को घबराहट हुई और वे बेहोश हो गए। बाद में उन्हें बचाया नहीं जा सका। सोलंकी के अनुसार, जिलानी पर अनुचित दबाव बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के कारण यह घटना हुई। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *