‘बैंक अधिकारियों के अधिकारों की हो रक्षा’:ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन की बैठक में एकजुट हुए अधिकारी

ऑल इंडिया बैंक ऑफ बड़ौदा ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOBOA) के समिति सदस्यों की सोमवार को बैठक हुई। इस बैठक में संगठन की मजबूती, बैंक अधिकारियों के अधिकारों की रक्षा और भविष्य की रणनीतियों को लेकर चर्चा की गई। जोनल सचिव यशवंत भारद्वाज ने बताया कि संगठन की एकता और बैंक अधिकारियों के अधिकारों की रक्षा पर हमें जोर देना चाहिए। एसोसिएशन की वास्तविक ताकत इसके सदस्यों में होती है। उन्होंने सदस्यता बढ़ाने और एसोसिएशन को और ज्यादा प्रभावी बनाने की जरूरत पर बल दिया। संगठन की योजनाओं पर हुई चर्चा
अध्यक्ष, AIBOBOA प्रवीण सिंह देवड़ा ने संगठन की आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बैंक अधिकारियों पर प्रबंधन द्वारा बनाए जा रहे अनावश्यक दबाव, ट्रांसफर पॉलिसी में सुधार और अनुपालन (Compliance) से जुड़ी समस्याओं पर बात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान के सभी क्षेत्रीय सचिवों और सदस्यों को एकजुट होकर काम करना चाहिए। एसोसिएशन सदस्यों के अधिकारों की रक्षा के लिए हम लगातार कोशिश कर रहे है। इन मुद्दों पर हुआ विचार-विमर्श
मीटिंग में एसोसिएशन को सशक्त बनाने के लिए नए सदस्यों को जोड़ने की रणनीति बनाई गई। एस्कॉर्ट स्कीम योजना को ज्यादा प्रभावी और लाभकारी बनाने पर चर्चा की गई। ट्रांसफर पॉलिसी में निष्पक्ष और पारदर्शी ट्रांसफर नीति लागू करवाने के लिए ठोस कदम उठाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों पर बढ़ते कार्यभार को कम करने के लिए जरूरी उपायों पर विचार किया गया। अधिकारियों पर डाले जा रहे अवांछित दबाव को रोकने और उनके हितों की रक्षा के लिए एसोसिएशन की भूमिका को और ज्यादा प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।
बैठक में भीलवाड़ा के क्षेत्रीय सचिव विक्रम सिंह पुरावत, झुंझुनूं क्षेत्रीय सचिव पवन कड़वासरा, जोधपुर क्षेत्रीय सचिव समुद्र चौधरी, बांसवाड़ा क्षेत्रीय सचिव संजय परमार सहित कई जिलों के क्षेत्रीय सचिव मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *