बैंक से 1 किलो से ज्यादा सोने के गहने चुराए:थाने से 100 मीटर दूर छत तोड़कर घुसे चोर, कटर से काटे थे सरिए

अजमेर में बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच की छत तोड़कर चोर अंदर घुस गए। चोरों ने लॉकर रूम को निशाना बनाया और 2 लॉकर तोड़कर उनमें रखे 1 किलो से ज्यादा सोने के गहने और 650 ग्राम चांदी चोरी कर ले गए। चोरों ने थाने से 100 मीटर दूर बैंक की छत को तोड़ने, सरिये काटने के लिए कटर और मशीनरी का इस्तेमाल किया। छत पर कटर और अन्य सामान पड़ा मिला है। घटना जिले के सावर ब्रांच की है। केकड़ी के एडिशनल एसपी राजेश मील ने बताया- सावर के मुख्य चौराहे पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच में चोरी हुई है। लॉकर्स की जांच कर ली गई है। 2 लॉकर टूटे हैं। बैंक प्रबंधन ने दोनों लॉकर के मालिकों को बुलाकर जानकारी जुटाई। एक लॉकर में 80 तोला (800 ग्राम) सोने के गहने और दूसरे लॉकर में 28 तोला (280 ग्राम) सोने के गहने और 650 ग्राम चांदी थी। दो दिन छुट्टी के दौरान वारदात का शक
राजेश मील ने बताया- यह वारदात बड़ी गैंग का काम है। मशीनरी तक मौके पर छोड़ गए। सूचना पर सावर थाना पुलिस और केकड़ी सीओ हर्षित शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। FSL टीम ने भी मौके से सबूत जुटाए। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस जांच कर रही है। घटना शनिवार या रविवार रात की हो सकती है।​​​​, क्योंकि इन दोनों दिनों में बैंक की छुट्टी (अवकाश) थी। पहले छत को तोड़ा, फिर सरियों को काटा
उन्होंने बताया- सोमवार सुबह जब बैंककर्मी ड्यूटी पर पहुंचे तो उन्हें वारदात का पता चला। चोरों ने पहले छत को तोड़ा। इसके बाद छत के सरियों को इलेक्ट्रिक कटर से काटा। फिर लॉकर रूम में प्रवेश किया। चोरों ने 2 लॉकर तोड़कर उनमें रखा सामान चोरी कर लिया। बैंक में रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित है। कांग्रेस नेता रघु शर्मा के पूर्व PA के बेटे का भी लॉकर टूटा
सावर थाना प्रभारी राधेश्याम चौधरी ने बताया- बैंक मैनेजर पूजा चौधरी की ओर से रिपोर्ट दी गई। इसमें 2 लॉकर से चोरी की बात सामने आई है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता रघु शर्मा के निजी सहायक (PA) रहे राजेंद्र भट्ट के बेटे इंद्रराज भट्ट के लॉकर से 80 तोले सोने के गहने चोरी हुए हैं। जबकि लोकेश पारीक के लॉकर से 28 तोले सोने के गहने और 650 ग्राम चांदी चोरी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *