कोरिया जिले के बैकुंठपुर के प्रेमाबाग के शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू के फैलने के खतरे को देखते हुए 1 किलोमीटर के दायरे को इंफेक्टेड जोन और आसपास के 10 किलोमीटर के क्षेत्र को ‘सर्विलांस’ घोषित किया गया है। शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में जांच में 12 मुर्गियां पॉजिटिव पाई गई। पशुपालन विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे थे। इन नमूनों में बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि हुई। शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू के प्रकोप को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कैंप ऑफिस में आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी), सीईओ, एडीएम, एसडीएम, सीएमओ और वेटरिनरी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संक्रमण को रोकने संक्रमित पक्षियों, चूजों और अंडों को नष्ट करने के निर्देश संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सभी संक्रमित पक्षियों, चूजों और अंडों को नष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, 1 किलोमीटर के दायरे को इंफेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी मुर्गियों को खुले में न छोड़ें ताकि संक्रमण को रोका जा सके। इस क्षेत्र में कुक्कुट पालन, अंडों और मुर्गीदाने की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए पशु चिकित्सा विभाग की 5 रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात की गई हैं, जो प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करेंगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग द्वारा डोर-टू-डोर सर्वे के लिए 5 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी करेंगी। प्रशासन ने जनता से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध मामले की सूचना तुरंत देने की अपील की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुक्कुट पालन केंद्र में 19095 हजार अंडे, 9998 चूजे, 2487 एडल्ट मुर्गी, 2448 बटेर रात भर में नष्ट किया जाना है।


