भास्कर न्यूज| नारायणपुर आज जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम की रूपरेखा सहित अन्य संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मनाए जाने वाले इस विशेष अभियान को लेकर जिलेभर में व्यापक स्तर पर आयोजन की योजना बनाई गई। भाजपा जिलाध्यक्ष संध्या पवार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह सेवा पखवाड़ा, कार्यकर्ताओं के लिए जनसेवा का अमूल्य अवसर है। हमें इसे पूर्ण निष्ठा के साथ जन-जन तक पहुंचाना है। जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम ने अपने उद्बोधन में कहा,सेवा पखवाड़ा केवल आयोजन नहीं, यह आम जनता से जुड़ने और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का संकल्प है। बैठक को पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष द्वय रूपसाय सलाम, बृजमोहन देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेता गौतम गोलछा, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जनपद अध्यक्ष पिंकी उसेंडी, नगर पालिका उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, सेवा पखवाड़ा जिला संयोजक संतनाथ उसेंडी आदि वक्ताओं ने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा की रीति-नीति ही सेवा है और यही सेवा संगठन को जनविश्वास दिलाती है।


