बैठक: विभिन्न समाजों ने जनसेवा और राष्ट्रहित का लिया संकल्प

भास्कर न्यूज | चिरमिरी शहर के बड़ा बाजार स्थित अग्रवाल भवन में विगत दिनों सामाजिक एकता, जागरूकता और जनकल्याण के उद्देश्य से सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उपस्थित वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि समाज का विकास केवल व्यक्तिगत उन्नति से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सामूहिक उत्तरदायित्व, सामाजिक न्याय और मानवाधिकारों की रक्षा अनिवार्य है। वक्ताओं ने कहा कि वास्तविक परिवर्तन तभी आता है जब व्यक्ति अपने निजी स्वार्थों से ऊपर उठकर दीन-दुखियों और समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए आगे आता है। समाजसेवी अनिल अग्रवाल ने अपने गीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह में उत्साह का संचार किया और एकजुट होकर समाज निर्माण का संदेश दिया। मुख्य वक्ता गौरांगो सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हमारी असली ताकत एकता और संस्कारों में है। हमारे पूर्वजों ने कठिन समय में भी अपने आदर्शों को नहीं छोड़ा, हमें भी उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए भेदभाव और विभाजन की मानसिकता को त्यागना होगा। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार देने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि निरंतर संवाद और आपसी मेल-मिलाप से ही विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित नागरिकों ने समाजहित और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *