अमनदीप सिंह | अमृतसर अंतरराज्यीय शहीद मदन लाल ढींगरा बस स्टैंड पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बस स्टैंड पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद नशेड़ी-भिखारी बेखौफ होकर घूमते हैं, जो यात्रियों को तंग-परेशान करते हैं। खास तौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि कई बार नशेड़ी और भिखारी बदतमीजी तक करने लगते हैं। एक महिला यात्री ने बताया कि वह अकसर बस स्टैंड से सफर करती हैं। पिछली बार जब अपने रिश्तेदारों के साथ बस स्टैंड आई थी तो एक भिखारी भीख मांगने लगा। उन्होंने पर्स से कुछ पैसे निकालकर दे दिए, लेकिन जब बस में चढ़ीं तो उनका पर्स गायब था। महिला का आरोप है कि भीख मांगने की आड़ में ऐसे लोग यात्रियों के पर्स पर नजर रखते हैं और मौका मिलते ही चोरी कर लेते हैं। बस स्टैंड पुलिस चौकी इंचार्ज लखविंदर सिंह ने कहा कि बस स्टैंड में पुलिस नफरी कम है, जिसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। इसके बावजूद रोजाना चैकिंग की जाती है। नशेड़ी और भिखारियों को बस स्टैंड से बाहर निकाला जाता है। आईडीएच मार्केट और शरीफपुरा की साइड से आने वाले रास्तों को बंद करने को लेकर दुकानदारों और ठेकेदारों के साथ मीटिंग की गई है और लिखित रूप में भी दिया गया है, ताकि इन रास्तों से प्रवेश रोका जा सके। यात्री गुरमीत कौर निवासी गुरु नानकपुरा ने बताया कि नशेड़ी हर कोने में बैठे रहते हैं। बच्चों और बुजुर्गों के साथ सफर करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने मांग की है कि इन खुले रास्तों को बंद किया जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि जब प्रवेश द्वार और एक्जिट रास्तों पर कैमरे लगे हैं, तो फिर ऐसे लोग बस स्टैंड के अंदर कैसे पहुंच जाते हैं। यात्रियों ने बताया कि बस स्टैंड के आईडीएच मार्केट और शरीफपुरा साइड से आने वाले रास्ते खुले हुए हैं, जहां कैमरे नहीं लगे हैं। इन्हीं रास्तों से नशेड़ी और भिखारी बस स्टैंड में प्रवेश कर जाते हैं। यात्री लक्खा सिंह निवासी सुल्तानविंड ने बताया कि बस स्टैंड में पुलिस नफरी कम होने के कारण नशेड़ी और भिखारी खुलेआम घूमते हैं। कई बार परिवार के साथ सफर करने में डर लगता है। यात्री दलबीर कौर निवासी सठियाला ने बताया कि महिलाओं को खास तौर पर परेशान किया जाता है। भीख मांगने के बहाने पास आकर बदतमीजी करते हैं, लेकिन कोई रोकने वाला नहीं है।


