बैतूल जिले को जल्द ही एक मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी। पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर स्थापित होने वाले इस कॉलेज का शिलान्यास और भूमिपूजन 23 दिसंबर को बैतूल मुख्यालय स्थित पुलिस ग्राउंड में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसकी अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहेंगे। यह मेडिकल कॉलेज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से स्वीकृत हुआ है। इसके बनने से जिले में बेहतर इलाज और मेडिकल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। सुपर स्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी
कोसमी क्षेत्र में स्थापित होने वाले इस कॉलेज में आधुनिक उपकरण और सुपर स्पेशलिटी सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए भोपाल या नागपुर जैसे बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। यह परियोजना सरकार और निजी क्षेत्र की साझेदारी में संचालित की जाएगी। मेडिकल कॉलेज खुलने से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त, जिले के युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। शिलान्यास समारोह के अवसर पर एक स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इसके लिए डॉ. जगदीश घोरे को नोडल अधिकारी और डॉ. प्रांजल उपाध्याय को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस मेडिकल कॉलेज से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और स्थानीय अर्थव्यवस्था दोनों को नई गति मिलने की उम्मीद है।


