बैतूल के गंज थाना क्षेत्र के कत्लढाना इलाके में रविवार शाम क्रिकेट खेलने के विवाद में हुई युवक मोहित गोहे की हत्या के मामले में आज (मंगलवार) परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई। मोहित की मां उर्मिला गोहे और पत्नी प्रीति गोहे ने पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। परिजनों ने ज्ञापन में मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। साथ ही दोनों के सरकारी जमीन पर बने घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की भी मांग की गई। मृतक की पत्नी प्रीति ने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, ऐसे लोगों को फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस विभाग से यह भी अनुरोध किया कि किसी भी परिस्थिति में आरोपियों की जमानत न होने दी जाए। परिवार ने बताया कि आरोपी दीपक धुर्वे और पुनीत कहारे दोनों ही हिस्ट्रीशीटर हैं और पहले भी कई बार मारपीट तथा जानलेवा हमलों जैसी घटनाएं कर चुके हैं। पड़ोसियों ने भी आरोप लगाया कि इनकी शिकायतें पहले की गई थीं, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे यह बड़ी घटना हो गई। पिटाई वाला बल्ला भी जब्त किया
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी पुनीत कहारे को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज मौके पर ले जाकर घटनास्थल का नक्शा तैयार किया गया। इस दौरान पुलिस ने उस बैट को भी जब्त किया है, जिसे पिटाई के बाद आरोपियों ने ग्राउंड की झाड़ियों में फेंक दिया था। वहीं, दूसरे आरोपी दीपक धुर्वे की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है। मोहित गोहे हाउसिंग बोर्ड में लिपिक के पद पर कार्यरत थे। उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। रविवार को क्रिकेट खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में वह बीच-बचाव करने गए थे, इसी दौरान उन पर बैट और डंडों से हमला किया गया था। इलाज के दौरान उनकी सोमवार को मौत हो गई थी।


