बैतूल के गंज थाना इलाके में बुधवार दोपहर एक युवक की रॉड, फावड़े, पत्थर और लाठी से पटाई की गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। युवक ने दम तोड़ने से पहले पुलिस को बयान देकर पुरा घटनाक्रम बताया। घटना काला पाठा निवासी 17 वर्षीय विवेक मरकाम के साथ हुई। जानकारी के अनुसार, विवेक सागौन बाबा दरबार में पूजा कर रहा था, तभी अनिकेत उर्फ अन्नू ठाकुर और उसके 6-7 साथियों ने उसे जबरन उठाकर चुन्नीढाना इलाके ले जाकर रॉड, फावड़े, पत्थर और लकड़ी से पीटा। शरीर में कई चोट, ICU में दम तोड़ा मारपीट के दौरान विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल को देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसके शरीर पर कई गहरे घाव थे और ऑक्सीजन तथा शुगर लेवल तेजी से गिर रहा था। ICU में भर्ती होने के बावजूद देर रात उसने दम तोड़ दिया। विवेक की मां शिक्षिका हैं और पिता वन विभाग में कार्यरत हैं। विवेक ने पुलिस को बताया कि वह बाबा दरबार में पूजा-पाठ कर रहा था, तभी अन्नू ठाकुर और 10-15 अन्य लोग पुराने विवाद के चलते उसे उठाकर पीटने आए।
हत्या का आरोपी था विवेक पुलिस जांच में सामने आया है कि विवेक और अन्नू ठाकुर के बीच पुराना विवाद था। कुछ समय पहले भग्गू ढाना क्षेत्र में हुई एक नाबालिग की हत्या के मामले में विवेक आरोपी था। विवेक पर अन्नू ठाकुर पर भी हमले का आरोप लगा था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। NSA का आरोपी है मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) के मामले में आरोपी रह चुका है और फिलहाल हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर है। इस मामले में अन्नू ठाकुर, कृपाल, रोहित और 4-5 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि पुलिस ने बताया कि बुधवार शाम डायल-100 पर सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे नहीं बचा सके। गंज थाना टीआई प्रशिक्षु डीएसपी शिफा हाशमी ने बताया कि नामजद आरोपी कृपाल और आयुष को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


