बैतूल जिले के कोसमी फोर लेन पर शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। पैदल चल रहे बुजुर्ग को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कोसमी निवासी शंकर राव सोनारे (पिता लक्ष्मण राव) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शंकर राव फोर लेन के किनारे से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज गति से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बाइक चालक की पहचान कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


