बैतूल में मेडिकल कॉलेज की सौगात जल्द मिलने की तैयारी:जमीन कब्जाने के आरोप पर मंत्री पटेल का पलटवार, बोले- कांग्रेस का बयान हास्यास्पद

बैतूल के प्रभारी और चिकित्सा शिक्षा मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के उस बयान को हास्यास्पद बताया, जिसमें उन्होंने जिला अस्पताल की जमीन को 2500 करोड़ रुपए में कब्जाने की तैयारी का आरोप लगाया था। मंत्री ने कहा कि जिले को जल्द ही मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने वाली है। विकास और सेवा के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री ने कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। उन्होंने बताया कि बैतूल जिला अस्पताल में जल्द मेडिकल कॉलेज खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 23 दिसंबर को बैतूल आकर कॉलेज की आधारशिला रख सकते हैं। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के भी आने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा के इस आरोप पर कि जिला अस्पताल की 2500 करोड़ रुपए की जमीन बेची जा रही है, मंत्री पटेल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “जो लोग पचास साल तक शासन में रहे और कुछ नहीं कर पाए, वे आज हम पर आरोप लगाएं तो यह हास्यास्पद है। हमने सिर्फ दो साल में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू कर दिए, जबकि वे पचास साल में उतना नहीं कर सके।” बोले- जेल की जमीन बिकी नहीं है
जेल की जमीन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि जेल की जमीन बिकी नहीं है। उसके बदले में नई जेल बनाकर दी जा रही है, जिसमें सरकार का एक पैसा भी नहीं लग रहा है। उन्होंने इसे एक नया कॉन्सेप्ट बताया। मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जिला जेल में जिस जगह गोलवलकर जी रहे थे, वहां एक स्मारक बनाया जाएगा और उसे संरक्षित किया जा रहा है। मंत्री ने जिले में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतरीन समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। जिले में लंबित बांध और जल निगम की परियोजनाओं में हो रही देरी पर उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य वर्ष 2026 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। इस मौके पर मंत्री ने जिले से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी जवाब दिए। उन्होंने बताया कि ज्वार की सरकारी खरीदी में पंजीयन घोटाले की शिकायतों की जांच जारी है। मंत्री ने आश्वासन दिया, “जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी।” निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उन्होंने कहा कि “जो गलत काम करेगा, उस पर दंडात्मक कार्रवाई होगी।” पत्रकार वार्ता में जिले के विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे आमला, चंद्रशेखर देशमुख मुल्ताई, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह , घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा बाई और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार के अलावा कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी भी मौजूद रहे। इस दौरान मंत्री ने जिले में हुए कई नवाचार और योजनाओं में प्रदेश स्तर पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों का ब्योरा दिया। देखिए तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *