बैतूल में रात का पारा 7.8 डिग्री तक पहुंचा:दिसंबर में दूसरी सबसे ठंडी रात दर्ज; सुबह भी कोहरा छाया रहा

बैतूल जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की दूसरी सबसे ठंडी रात रही। इससे पहले 11 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में 23 नवंबर से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में रात का तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच था, जबकि अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था। दिसंबर के पहले सप्ताह में पारा धीरे-धीरे 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने लगा। 11 दिसंबर को इस सीजन का सबसे न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद से दिन के तापमान में भी गिरावट आई है, जो 6 से 15 दिसंबर के बीच 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। 12 दिसंबर के बाद से सुबह तेज सर्द हवाएं और कोहरा महसूस किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाएं अब मध्य प्रदेश के मध्य हिस्सों तक पहुंच चुकी हैं। इसके परिणामस्वरूप, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। सुबह के समय सैर के लिए निकलने वाले लोगों ने भी कड़ाके की ठंड महसूस की। शहर के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी के बावजूद, शाम होते ही ठंड फिर बढ़ जाती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकता है। इससे बैतूल और आसपास के क्षेत्रों में सर्दी अपने चरम पर पहुंच जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *