बैतूल में ‘वन बैतूल रन मैराथन’, 350 धावक दौड़े:खंडेलवाल की स्मृति में आयोजन; सांसद सोलंकी बोले- खेल बहुत आवश्यक

बैतूल के पुलिस ग्राउंड में रविवार को ‘वन बैतूल रन बैतूल’ मैराथन का आयोजन किया गया। पिक्सल इवेंट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। यह मैराथन पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में आयोजित की गई थी। मैराथन के लिए कुल 180 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन दौड़ में लगभग 350 धावकों ने भाग लिया, जिससे युवाओं में उत्साह स्पष्ट दिखा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹10,000, द्वितीय ₹7,000 और तृतीय पुरस्कार ₹5,000 निर्धारित किया गया था। पुरुष वर्ग में जीतू गुर्जर ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि निरंजन सिंह दूसरे और संदीप यादव तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पूजा यादव प्रथम, यशी द्वितीय और निशा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, केंद्रीय राज्यमंत्री डीडी उइके, पूर्व विधायक अलकेश आर्य और गंज नगर मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर सांसद सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि युवाओं को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए खेल बहुत आवश्यक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘क्विट इंडिया, खेलो इंडिया’ नारे का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद से देशभर के खेल मैदानों पर खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी है। पूरे पुलिस ग्राउंड में खेल भावना और युवाओं का जोश देखने को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *