बैतूल में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारत भारती आवासीय सीबीएसई विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वामी विवेकानंद की 200 वर्ग फीट की रंगोली बनाई। इस रंगोली को बनाने में 103 किलोग्राम रंगों का उपयोग किया गया, जिसने विद्यालय परिसर में सभी का ध्यान आकर्षित किया। विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र परसाई ने बताया कि संस्था में राष्ट्रीय पर्वों और महापुरुषों की जयंती को रचनात्मक गतिविधियों के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष स्वामी विवेकानंद जयंती पर प्रश्न मंच, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें यह विशाल रंगोली भी शामिल थी। रंगोली के निर्माण में वरिष्ठ आचार्य भूपेंद्र गढ़वाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में रंगोली और चित्रकला में रुचि रखने वाले छात्रों का एक दल गठित किया गया। इस दल ने पहले रंगोली की रूपरेखा कागज पर तैयार की और फिर उसे जमीन पर साकार किया। इस रंगोली को बनाने वाले प्रमुख छात्रों में सूर्यन इरपाचे, खुशाल जरारिया, विभोर धोटे, ज्ञानेश्वर, प्रियांशु, प्रशांत टिडगाम, भारती नागर, भूमिका बारंगे, वैशाली खपरिये और गरिमा पवार शामिल थे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित करना और उनमें रचनात्मकता के साथ राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना था। विद्यालय परिसर में प्रदर्शित यह रंगोली पूरे दिन आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रही।


