खालसा पंथ के साजना दिवस पर सजाए गए विशेष दीवान में शिरकत करने दिल्ली से रांची आए सिख पंथ के जाने-माने रागी जगजीत सिंह बबीहा और कथा वाचक गुरविंदर सिंह जम्मू वाले ने कलगीधर गुरु गोविंद सिंह और खालसा साजना दिवस पर प्रकाश डाला। श्री गुरु सिंह सभा रांची द्वारा गुरुनानक स्कूल सभागार में बैसाखी के उपलक्ष्य में विशेष दीवान सजाया गया। बैसाखी के विशेष दीवान की शुरुआत सहज पाठ के भोग के बाद गुरुद्वारा के हजूरी रागी भाई भरपूर सिंह और उनके साथियों ने अमृत पियो सदा चिर जीयो, हरि सिमरत अनंत अनंता…शबद गायन कर की।रागी जगजीत सिंह बबीहा और उनके साथियों ने वीर रस में शबद गाकर संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।इधर, कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा में भी सुबह 5 बजे विशेष दीवान सजा। दीवान की शुरुआत हजूरी रागी भाई महिपाल सिंह और उनके साथियों ने खालसा अकाल पुरख की फौज, प्रगटयो खालसा परमात्मा की मौज… शबद गाकर की। गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह ने खालसा पंथ के प्रणेता गुरु गोविंद सिंह के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।


