बॉलीवुड एक्टर रजत बेदी शुक्रवार सुबह मुंबई से एयर इंडिया की फ्लाइट से जयपुर पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पर उतरते ही वे सीधे खाटूश्याम जी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हो गए। रजत बेदी अपनी आगामी फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की सफलता की कामना के साथ बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर बोलते हुए रजत बेदी ने कहा कि इतने साल बाद भी दर्शकों का प्यार मिलना उनके लिए बेहद भावुक और खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि फैंस ने आज भी मुझे उतना ही प्यार दिया, यह मेरे लिए अलग तरह का अहसास है। अब जहां भी जाता हूं, वहां लोगों का स्नेह मिल रहा है। हाल ही में रजत बेदी आर्यन खान की वेब सीरीज में नजर आए हैं, जिसके बाद वे एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। इस प्रोजेक्ट ने उनके करियर को नई पहचान दी है और दर्शकों के बीच उनकी लोकप्रियता फिर से बढ़ी है। जयपुर में दर्शन के बाद रजत बेदी यहीं से उदयपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वे एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। गौरतलब है कि साल 2000 के शुरुआती दौर में रजत बेदी बॉलीवुड का जाना-पहचाना नाम थे। उन्होंने लगभग 40 से अधिक फिल्मों में काम किया। ऋतिक रोशन की सुपरहिट फिल्म ‘कोई मिल गया’ में उनका किरदार काफी प्रभावशाली रहा था। हालांकि, इसके बाद वे अचानक फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो गए। एक इंटरव्यू में रजत बेदी ने खुलासा किया था कि फिल्मों में काम करने के बावजूद उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। एक बार एक निर्माता द्वारा दी गई फीस का चेक बाउंस हो गया, जिसके बाद वे मानसिक रूप से टूट गए और गहरे डिप्रेशन में चले गए। इन्हीं हालातों के चलते उन्होंने भारत छोड़कर कनाडा में बसने का फैसला किया।


