सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में बुधवार को जेएससीए अंतर जिला अंडर-19 प्लेट ग्रुप बीएन सिंह ट्रॉफी का फाइनल मैच खेला गया। सेक्टर-3 स्थित ट्रेनीज हॉस्टल ग्राउंड में खेले गए मैच में गोड्डा ने वैभव यादव के शतक एवं सौरव मांझी के अर्धशतक की मदद से बोकारो को 23 रनों से पराजित कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गोड्डा ने 49.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 231 रन बनाया। एक समय 54 रन पर पांच विकेट खोकर गोड्डा की टीम संकट में थी। परंतु छठे विकेट के लिए वैभव यादव व सौरव मांझी ने 151 रन जोड़कर टीम को संकट से निकाला। वैभव यादव ने 101, सौरभ मांझी ने 63 व सचिन यादव ने 22 रन बनाए। गेंदबाजी में बोकारो के तन्मय ने 42 रन देकर, अस्तित्व भारद्वाज ने 39 रन देकर व अर्जुन ने 41 रन देकर दो-दो विकेट लिए। जवाबी पारी में बोकारो 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 208 रन ही बना सकी। शानदार शतक के लिए वैभव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच समाप्ति के बाद मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सह जेएससीए के सचिव सौरभ तिवारी ने विजेता, उप विजेता टीम व खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।


