झारखंड के बोकारो में एक ऐतिहासिक खेल आयोजन की शुरुआत हुई है। बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ की पहल पर अंडर-23 राज्यस्तरीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह टूर्नामेंट 19 से 22 फरवरी तक सेक्टर 12 क्लब में खेला जाएगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष हीरा लाल मांझी ने दीप प्रज्जवलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस चैंपियनशिप में राज्य के 12 जिलों से पुरुष और महिला टीम हिस्सा ले रही हैं। इनमें धनबाद, बोकारो, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा, दुमका, टाटा, रामगढ़, राँची, हजारीबाग, कोडरमा, गढ़वा और सरायकेला शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव जे पी सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता से चयनित खिलाड़ियों का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। हीरालाल मांझी ने कहा कि यह आयोजन बोकारो के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में ओएनजीसी के खेल प्रमुख अनूप मिंज, झारखंड बास्केटबॉल संघ के टेक्निकल चेयरमैन आरिफ, बोकारो जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र नारायण सिंह और सचिव मोहम्मद हारुन अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।


