बोकारो पुलिस ने शनिवार को गांजा और ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से कुल 11.940 किलोग्राम गांजा सहित अन्य नशीले पदार्थ और सामग्री बरामद की गई। एसपी हरविंदर सिंह ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिजुआ तालाब के पास दो युवक मोटरसाइकिल से गांजा और ब्राउन शुगर की पुड़िया बनाकर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर दो युवकों को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 1.540 किलोग्राम गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर और 850 रुपए नगद मिले। पुलिस ने अनिरुद्ध साव के घर छापा मारा पूछताछ में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि वे बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी निवासी अनिरुद्ध साव उर्फ हित से गांजा खरीदते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अनिरुद्ध साव के घर छापा मारा। वहां से 10.400 किलोग्राम गांजा, एक वेन्यू कार, 7939 रुपए नगद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री जब्त की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनिरुद्ध साव (47), गीत फैज अकरम उर्फ बॉबी (25) और गतजुब आलम (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इन सभी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुल बरामद सामग्री में 11.940 किलोग्राम गांजा, 10 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक कार, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, 450 ग्राम कटा पॉलिथिन, 1.2 किलोग्राम प्लास्टिक रैपर और कुल 8789 रुपए नगद शामिल हैं।


