बोकारो में डिलीवरी बॉय की सड़क हादसे में मौत:परिजनों ने कहा- पुलिस वैन से लगी टक्कर, थाना प्रभारी बोलीं- पीसीआर वैन ने अस्पताल पहुंचाया

बोकारो में एक दुखद घटना सामने आई है। सेक्टर 5 पेट्रोल पंप के पास रविवार रात करीब 8 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय अंकित तुरी (21) की मौत हो गई। उनके साथ मौजूद दोस्त सुमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब दोनों दोस्त राम मंदिर, सेक्टर 6 से सामान लेकर लौट रहे थे। सुमित को गंभीर हालत में बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर अंकित तुरी चीरा चास के तुरी मोहल्ले का रहने वाला था। उसके पिता सहदेव प्रसाद तुरी का देहांत कोरोना महामारी के दौरान हो चुका था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। अंकित की मां दूसरों के घरों में काम करती हैं। अंकित ने हाल ही में ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय की नौकरी शुरू की थी। परिवार का गुजारा सरकारी राशन और मां की मेहनत से चल रहा था। पुलिस ने आरोप को किया खारिज परिजनों का आरोप है कि यह हादसा सेक्टर 6 थाना के पीसीआर वाहन से हुआ। थाना प्रभारी सुनीता ने इस आरोप को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की गाड़ी नियमित गश्त पर थी। पीसीआर वैन ने घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। सुमित को प्राथमिक उपचार के बाद बीजीएच रेफर कर दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *