बोकारो में सड़क हादसा; भेलपुरी विक्रेता मरा:अज्ञात स्कूल बस ने कुचला, मौके पर मौत, लोगों ने किया सड़क जाम

बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में भेलपुरी विक्रेता धनेश्वर यादव (49) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक हजारीबाग रोड का निवासी था और सेक्टर-4 जी मार्केट में भेलपुरी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके दो बेटे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, धनेश्वर यादव सेक्टर-4 एफ से 4 जी के सामने कनेक्टिंग रोड के किनारे झोपड़ीनुमा आवास में रहते थे। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह शौच के लिए सड़क किनारे गए थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात स्कूल बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। इलाके में आक्रोश, परिजनों ने किया प्रदर्शन घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता। परिजनों ने मांग की कि दोषी स्कूल बस और उसके चालक की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी खंगाले जा रहे घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना प्रभारी संजय कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि यह हादसा एक अज्ञात स्कूल बस से हुआ है। उसकी पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *