बोकारो से कांग्रेस की विधायक श्वेता सिंह की ओर से की गई विभिन्न तरह की अनियमितताओं की शिकायत राजभवन तक पहुंच गई है। भाजपा के चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात पर विधायक श्वेता सिंह के खिलाफ लिखित शिकायत की है। भाजपा की ओर से राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, रांची विधायक सीपी सिंह, बोकारो से भाजपा के पूर्व विधायक बिरंची नारायण एवं प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने श्वेता सिंह के विरुद्ध गंभीर आरोपों की ओर ध्यान आकृष्ट किया। भाजपा ने लगाए हैं कई गंभीर आरोप भाजपा की ओर से राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में बोकारो विधायक श्वेता सिंह की ओर से गैर कानूनी कार्य करने, विधानसभा के नामांकन पत्र भरने के समय सूचना छुपाने, BSL (HSCL POOL) के द्वारा आवंटित क्वाटर का No Dues Certificate संलग्न नहीं कर के गलत जानकारी शपथ पत्र के साथ देने, चार वोटर आईडी कार्ड रखने तथा दो पैन कार्ड रखने संबंधित आरोप लगाए गए हैं। राज्यपाल से मिले शिष्टमंडल ने उक्त प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कराने तथा भारत निर्वाचन आयोग एवं आयकर विभाग द्वारा निर्धारित नियमों, दिशानिर्देशों एवं संबंधित विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए पहल करने का आग्रह किया। दो पैन कार्ड का मामला पकड़ा तुल विधायक श्वेता सिंह की शिकायत राजभवन तक जाने के पीछे की बात उनके नाम से दो पैन कार्ड होने के मामले से शुरू होती है। दरअसल, मीडिया में आई खबर के अनुसार बोकारो से कांग्रेस विधायक श्वेता सिंह के नाम पर दो पैन (परमानेंट अकाउंट नंबर) कार्ड हैं। दोनों ही पैन कार्ड (C92A और C1SE) में पिता का नाम अलग-अलग दिया हुआ है। इनमें से एक पैन कार्ड रामगढ़ और दूसरा गुरुग्राम से बना है। गुरुग्राम से बने पैन कार्ड में श्वेता के पिता का नाम दिनेश कुमार सिंह लिखा है। जबकि 2010 में रामगढ़ से बने पैन कार्ड में उनके पिता का नाम संग्राम सिंह दर्ज है। एक पैन में पति बने पिता, जन्मतिथि एक पैन कार्ड मामले में जो बात सामने आई है, उसके मुताबिक विधानसभा चुनाव के दौरान हलफनामे में पति के नाम के सामने संग्राम सिंह लिखा हुआ है। वहीं यह नाम एक पैन कार्ड में पिता के सामने लिखा हुआ है। असल में संग्राम सिंह श्वेता सिंह के पति हैं। वहीं दोनों ही पैन कार्ड में जन्म तिथि 19-06-1984 अंकित है। जबकि दोनों में नाम अलग-अलग तरह से लिखा है। एक पैन कार्ड पर नाम SHWETA SINGH लिखा है। वहीं, दूसरे कार्ड पर नाम के स्थान पर SHWETTAA SINGH लिखा है। आयकर नियमों के मुताबिक पैन कार्ड में पति का नाम दर्ज करने का प्रावधान नहीं है। पैन कार्ड में हमेशा धारक को अपने पिता का नाम लिखना होता है।


