बोकारो स्टील प्लांट के प्रशासनिक भवन में बीते हफ्ते विस्थापित अप्रेंटिस संघ की ओर से आंदोलन किया गया था। इस आंदोलन के दौरान हिंसक झड़प हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। हंगामे के दौरान आगजनी और तोड़फोड़ भी किया गया। इस पूरे हंगामे और इससे जुड़े मामले को लेकर चार थाने में 6 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक दो घटनाओं को लेकर अभी शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। BSL और CISF अधिकारियों पर हत्या का केस इस पूरे आंदोलन और हंगामे के दौरान विस्थापित अप्रेंटिस संघ के प्रेम महतो की मौत हो गई। इस मौत के मामले में पहला मामला बीएस सिटी थाने में दर्ज कराया गया है। यह मामला मृतक प्रेम महतो के पिता बालीडीह थाना क्षेत्र के शिबूटांड़ के रहने वाले बीरू महतो ने दर्ज कराई है। दर्ज मामले में बीएसएल डायरेक्टर इंचार्ज बीके तिवारी, इडी पीएंडए ए राजश्री बनर्जी, सीजीएम कार्मिक हरिमोहन झा, आइआर विभाग के प्रभाकर कुमार, बोकारो यूनिट के सीआईएसएफ डीआइजी दिग्विजय सिंह व सीआईएसएफ इंचार्ज चावला पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पिता आरोप- घेर कर बेटे को पीटा गया पुलिस को दिए गए आवेदन में पिता बीरू महतो ने लिखा है कि विस्थापित अप्रेंटिस संघ द्वारा 3 अप्रैल को आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से किया जा रहा था। इस दौरान बीएसएल और सीआइएसएफ के अधिकारियों से मिले आदेश पर साजिश के तहत प्रेम प्रसाद को घेर कर सीआइएसएफ जवानों ने लाठी और डंडों से पीटा। इस कारण मौके पर ही प्रेम महतो की मौत हो गयी। आवेदन में लिखा है कि लाठी चार्ज के दौरान संघ के दर्जनों लोग घायल हो गए थे। आवेदन में इस बात की भी जानकारी दी गई थी कि संघ की ओर से आंदोलन की सूचना पूर्व में प्रबंधन को लिखित रूप से दी गई थी। डीसी ने बनाई है जांच कमेटी, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई जानकारी के मुताबिक इस लाठीचार्ज और मौत मामले की जांच के लिए बोकारो डीसी विजया जाधव ने एक कमेटी बनाई है। यह कमेटी तीन सदस्यीय है। जांच टीम को एसडीओ चास प्रांजल ढाडा लीड कर रहे हैं। वहीं टीम में सिटी डीएसपी आलोक रंजन व कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी को शामिल किया गया है। बताया गया कि टीम वीडियो फुटेज और सीसीटीवी देख कर साक्ष्य जुटाएगी। इसके आधार पर आगे जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सेक्टर नौ और सेक्टर चार में भी मामला दर्ज आंदोलन और हंगामे के दौरान हाईवा और जेसीबी जलाया गया था। इसे लेकर सेक्टर नौ हरला थाना में वाहन मालिक कसमार के रहने वाले राजीव रंजन ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी गई है। एक अन्य मामला बोलेरो जलाने को लेकर है। इसकी शिकायत बीएस सिटी थाना में दर्ज कराई गई है। यह मामला सेक्टर तीन इ के रहने वाले ठेकेदार अशोक सिंह ने दर्ज कराया है। इसके अतिरिक्त सेक्टर चार थाना में तीन मामला दर्ज किया गया। जबकि इलेक्ट्रो स्टील में चलने वाली बस जलाने और नहर काटने वाले मामले में थाने को अब तक कोई आवेदन नहीं मिला है।


