बोड़ला कॉलेज में 1.63 करोड़ का गबन, दोषियों से वसूली नहीं

भास्कर न्यूज|कवर्धा बोड़ला स्थित स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय में 1.63 करोड़ रुपए के गबन का मामला सामने आया है। आयुक्त की ऑडिट समिति की जांच में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। इसके बावजूद दोषियों से राशि की रिकवरी नहीं की जा रही है। इससे नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने बुधवार को प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए अभाविप कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर से मुलाकात कर गड़बड़ी के बारे में अवगत कराया। दोषियों से राशि की वसूली को लेकर परिषद ने मांग की। साथ ही साथ प्राचार्य और जनभागीदारी अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। इस पर कलेक्टर गोपाल वर्मा ने कहा कि आयुक्त स्तर से इसकी कार्रवाई होगी। परिषद के आवेदन को आयुक्त को भेजकर अवगत कराने का आश्वासन कार्यकर्ताओं को दिया। पीजी कॉलेज में भी गबन राशि की वसूली नहीं हुई कवर्धा के पीजी कॉलेज में भी 50 लाख रुपए से अधिक राशि का गबन हुआ है। मामले में सहायक ग्रेड-2 की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद भी अब तक कॉलेज में ऑडिट नहीं कराई गई है। पंडरिया कॉलेज में भी करीब 75 लाख रुपए की गड़बड़ी सामने आई है। ऑडिट होने पर इसका पता लग सकेगा। विद्यार्थी परिषद ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और आयुक्त के नाम ज्ञापन की प्रतिलिपि भेजी है। चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो दुर्ग विश्वविद्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय परिषद के प्रमुख कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *