माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाएं कल (10 फरवरी) से शुरू हो रही हैं। पहले दिन कक्षा 12वीं का अंग्रेजी का पेपर होगा। रायसेन जिले में इन परीक्षाओं के लिए 82 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 9 केंद्र अति संवेदनशील हैं। अति संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, 32 केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्क जैमर लगाए जा रहे हैं। परीक्षा सुबह 9:15 बजे से शुरू होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को एक घंटे पहले सुबह 8 बजे केंद्रों पर पहुंचना अनिवार्य है। कक्षा 12वीं में कुल 11,516 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 10,293 नियमित और 1,223 स्वाध्यायी छात्र शामिल हैं। इस बार शिक्षा मंडल ने कठिन पेपर से शुरुआत की है, जबकि पिछले वर्षों में परीक्षा की शुरुआत हिंदी के पेपर से होती थी। रिकॉर्डिंग के साथ ही पेपर बंडल खुलेंगे
नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उड़न दस्ते के साथ फ्लाइंग स्क्वॉड भी केंद्रों का निरीक्षण करेगी। कलेक्टर प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं, जो सुबह थानों से केंद्र अध्यक्ष के साथ पेपर बंडल लेकर निकलेंगे। इस प्रक्रिया की सेल्फी और वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। केंद्र पर पहुंचने के बाद भी वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ ही पेपर बंडल खोले जाएंगे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। यहां तक कि केंद्र अध्यक्षों को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं है। जिला शिक्षा अधिकारी डी.डी. रजक ने विद्यार्थियों से तनाव मुक्त होकर परीक्षा में शामिल होने की अपील की है।


