बोलेरो के बोनट व सीक्रेट चेंबर में छिपाए थे

भास्कर न्यूज | कवर्धा/बोड़ला कबीरधाम पुलिस ने रविवार को अंतरराज्यीय नशा तस्करों की बड़ी चाल नाकाम कर दी। ओडिशा से मध्यप्रदेश के रीवा ले जाई जा रही गांजे की खेप को बोड़ला पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने बोलेरो वाहन में बने सीक्रेट चैंबर से 26.860 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। जब्त गांजा की कीमत करीब 25.34 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्करों में लाला चर्मकार पिता कामता प्रसाद (31) और राधिका मल्ला पिता रामचंद्र मल्ला (28) दोनों निवासी ग्राम जवा जिला रीवा (मध्यप्रदेश) शामिल है। खास बात ये है कि तस्करी के लिए महिंद्रा बोलेरो क्रमांक- एमपी 17 जेडजे 6484 में प्रोफेशनल तरीके से सीक्रेट चैंबर तैयार कराया गया था। पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली तो चैंबर से गांजा बरामद हुआ। वहीं बोलेरो के बोनट में भी गांजा के पैकेट छिपाए गए थे। टीम ने मौके पर ही गांजा और वाहन को विधिवत जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य सप्लायर लाला चर्मकार पेशे से ट्रक ड्राइवर है। ट्रक छोड़कर सेकंड हैंड बोलेरो वाहन खरीदा था, जिसमें गांजा तस्करी की जा रही थी। जांच में सामने आया कि गांजा के पैकेट ओडिशा से आए थे। पूछताछ में आरोपी लाला ने बताया कि उसे सिमगा में किसी अन्य सप्लायर ने गांजा के पैकेट दिए थे, जिसे रीवा (मध्यप्रदेश) में डिलीवरी देने ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार, सूखा नशा के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट में 20 प्रकरण में कार्रवाई की गई थी। इन मामलों में कुल 683.914 क्विंटल गांजा जब्त किए थे। इसकी अनुमानित कीमत 34 करोड़ 87 लाख 89 हजार रुपए आंकी गई। विभिन्न मामलों में जब्त किए 945.525 किलो गांजा को नष्ट भी किया गया। एनडीपीएस एक्ट में केस नेटवर्क को खंगाल रहे मामले में बोड़ला थाने की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ में तस्करी नेटवर्क, स्रोत और सप्लाई चेन से जुड़े अहम खुलासों की संभावना है। आरोपियों के मोबाइल से कुछ संदिग्ध नंबर मिले हैं। इससे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही है। इस संबंध में बोड़ला एसडीओपी अखिलेश कौशिक का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *