नीमच में बोहरा समाज की सैफी मेडिकेयर सेंटर ट्रस्ट की ओर से एक साल से सैफी क्लीनिक का संचालन किया जा रहा है। यहां 10 रुपए में मरीज का एक बार कार्ड बनाया जाता है। इसे दिखाकर मरीज जीवनभर यहां इलाज करा सकता है। अभी यहां मरीजों को ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही 50 फीसदी कम दर पर सभी लेबोरेटरी जांच की सुविधा दी जाती है। ऐसे में रोज 25 से 30 मरीज लाभ ले रहे हैं। साथ ही हर माह अलग-अलग विशेषज्ञ चिकित्सकों को बुलवाकर फ्री स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाते हैं। माह के पहले मंगलवार को शुगर व अन्य तरह की जांच नि:शुल्क की जाती है। इस तरह हजारों लोग यहां स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।
बोहरा समाज ने एक साल पहले क्लीनिक शुरू किया था। यहां पूर्व सरकारी शासकीय चिकित्सक आबिद मंसूरी सेवाएं दे रहे हैं। सुबह 9 से दोपहर 1 बजे एवं दोपहर 3.30 से शाम 7 बजे तक जांच की जा रही है। मरीज को चेकअप के लिए केवल एक बार 10 रुपए का कार्ड बनवाना पड़ता है। मरीज कार्ड भी ना लाए तो यूनिक आईडी नंबर से भी उपचार किया जाता है। संस्था मैनेजर हातिम बोहरा के अनुसार अभी तक ढाई हजार से अधिक मरीजों ने पंजीयन कराया है। नीमच सिटी निवासी संगीता शर्मा ने बताया कि 6 माह पहले 10 रुपए में कार्ड बनवाया था। इसमें 3 बार अपना उपचार करा चुकी हूं। बघाना निवासी सुरेश अहीर ने बताया गरीब लोगों के लिए काफी अच्छी सुविधा है। योजना… भविष्य में आईसीयू और अन्य सुविधा बढ़ाने की हो रही तैयारी क्लीनिक मैनेजर हातिम बोहरा ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा 1989 में अस्पताल की सूरत में शुरुआत की गई थी। वर्तमान में सूरत में 4 अस्पताल संचालित हैं। वहीं एक-एक मंदसौर एवं नीमच में शुरू किए। नीमच में एक साल से क्लीनिक चल रहा है। धीरे-धीरे मरीज बढ़ने लगे हैं। अभी यहां डे केयर की तरह काम किया जा रहा है। भविष्य में आईसीयू व अन्य सुविधा बढ़ाने का विचार है। हर माह नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर सैफी क्लीनिक पर समाजजन द्वारा हर माह विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहायता से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाता है। इसमें आर्थो, गायनिक, शिशु रोग, आयुष सहित कई तरह के विषय विशेषज्ञ सेवाएं देते हैं। शिविर में हर बार 100 से 150 से अधिक लोग लाभ ले रहे हैं। क्लीनिक पर समाजजन द्वारा प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को शुगर, बीपी व अन्य तरह की जांच का कैंप लगाया जाता है। इसमें लोगों की नि:शुल्क सुविधा दी जाती है।


