ब्यावरा सिटी थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है और साल 2024 में उसकी पहचान जगात चौक निवासी सुनील साहू से हुई थी। आरोपी ने करीब तीन महीने पहले युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, जिसे युवती ने ठुकरा दिया और उससे बातचीत बंद कर दी। इसके बाद से ही आरोपी लगातार युवती का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। रास्ते में रोककर छेड़छाड़ और धमकी शनिवार शाम करीब 5 बजे जब युवती काम से घर लौट रही थी, तब कन्या शाला के पास आरोपी ने उसे रोक लिया। युवती के बात करने से मना करने पर आरोपी ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। जब युवती ने शोर मचाया, तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज किया केस घटना से डरी हुई युवती ने शनिवार शाम थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि आरोपी सुनील साहू के खिलाफ छेड़खानी और धमकी देने की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।


