ब्यावर जिला कोर्ट को बर व निमाज के समीप स्थानांतरित करने के प्रस्ताव के विरोध में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश प्रजापति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में वकील कोर्ट सर्किल के बाहर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर घेरा बनाया और मार्ग अवरुद्ध कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला कोर्ट को ब्यावर मुख्यालय पर ही रखने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने कहा कि जिला कोर्ट का स्थानांतरण बर व निमाज के बीच करने का प्रस्ताव जनहित और अधिवक्ता समुदाय दोनों के लिए असुविधाजनक है। इससे आमजन, वादकारियों और वकीलों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने जिला कोर्ट को बर व निमाज के मध्य स्थानांतरित करने का प्रस्ताव मंत्री जोगाराम पटेल के समक्ष रखा था। इसी प्रस्ताव के कारण अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जिला कोर्ट को ब्यावर मुख्यालय पर ही रखने की मांग नहीं मानी गई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना आक्रोश प्रकट किया।


