ब्यावर में अवैध खनन के 305 मामले दर्ज:72 में एफआईआर, लाखों का जुर्माना लगा

ब्यावर जिले में अवैध खनन, निर्गमन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी 2026 तक कुल 305 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें अवैध खनन के 35, अवैध निर्गमन के 252 और अवैध भंडारण के 18 मामले शामिल हैं।
इन दर्ज प्रकरणों में से 72 मामलों में संबंधित अवैध खननकर्ताओं के विरुद्ध विभिन्न पुलिस थानों में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) भी दर्ज कराई गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फरवरी 2026 माह में भी कार्रवाई जारी रही। इस दौरान अवैध खनन के 4 और अवैध निर्गमन के 10 नए प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें से 2 मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। इसी क्रम में 16 फरवरी 2026 को मसूदा तहसील के ग्राम देवीपुरा में मैसर्स सौरभ मिनकेम के खनन पट्टा संख्या 33ए/2005 के स्वीकृत क्षेत्र से बाहर अवैध खनन पाया गया। इस पर विभाग ने 24.33 लाख रुपये की शास्ति (जुर्माना) राशि लगाई और खनन पट्टाधारी को 17 फरवरी 2026 से 60 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसके अतिरिक्त, 17 फरवरी 2026 को मसूदा तहसील के ग्राम गुवाड़िया में मैसर्स अर्थमिनकेम के खनन पट्टा संख्या 413ए/2006 के क्षेत्र से बाहर अवैध खनन का मामला सामने आया। विभाग ने इस पर 19.46 लाख रुपए की शास्ति राशि आरोपित की और 24 फरवरी 2026 से 60 दिन का कारण बताओ नोटिस जारी किया।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, निर्गमन और भंडारण के खिलाफ निरंतर निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *