ब्यावर में कांग्रेस रायशुमारी से पहले हंगामा:कार्यकर्ताओं को बाहर भेजने की बात हुई कहासुनी, एआईसीसी प्रभारी ने की समझाइश

कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के तहत जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के लिए चल रही रायशुमारी प्रक्रिया से पहले रविवार को ब्यावर की एक निजी होटल में हंगामा हो गया। एआईसीसी प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत के आगमन पर आयोजित प्रेस वार्ता से पूर्व कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हॉल से बाहर जाने को कहने पर नेताओं में कहासुनी हो गई। जानकारी के अनुसार, प्रभारी सुखदेव भगत को पत्रकारों से वार्ता करनी थी, लेकिन हॉल कांग्रेस नेताओं से खचाखच भरा हुआ था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रवक्ता अजय शर्मा ने केवल प्रदेश सूची में शामिल पदाधिकारियों को ही हॉल में रुकने और अन्य नेताओं से बाहर जाने का आग्रह किया। इस पर कुछ नेताओं ने आपत्ति जताई। ब्यावर, रायपुर, जैतारण और मसूदा से आए कार्यकर्ताओं ने इस आग्रह का विरोध करते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद मौके पर ही कहासुनी शुरू हो गई और करीब 15–20 मिनट तक माहौल गर्म रहा। इसी बीच एआईसीसी प्रभारी सुखदेव भगत मौके पर पहुंचे और सभी को शांत कराया। इसके बाद रायशुमारी की प्रक्रिया सामान्य रूप से संपन्न हुई। इस अवसर पर रामचंद्र चौधरी, हांगामी लाल मेवाड़ा, राकेश पारीक, सुदर्शन सिंह रावत, पारस पंच, सुरेंद्र गोयल, निरंजन आर्य सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कांग्रेस प्रवक्ता अजय शर्मा ने बताया कि संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत एआईसीसी प्रभारी सुखदेव भगत रविवार को ब्यावर जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ पीसीसी पर्यवेक्षक ललित यादव, डिम्पल राठौड़ और सी.एम. भडाला भी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करेंगे। उन्होंने बताया कि ब्लॉक ब्यावर व जवाजा के लिए समय शाम 5 बजे ओंकारेश्वर गार्डन, गुरुकुल स्कूल के सामने, ब्यावर तय किया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रभारी को अपनी राय से अवगत कराएँ।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *