ब्यावर पुलिस ने सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और वीडियो शेयर करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने 8 फरवरी को यातायात पुलिस पर हुए हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में ब्यावर सांसी बस्ती छावनी के रवि (35), टोडगढ़ के गोगला बराखन के अजीतसिंह (40) और ब्यावर के ग्राम अंधेरी देवरी के सुनील उर्फ कुका (20) को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 8 फरवरी को अजमेरी गेट के पास हुई थी, जहां यातायात पुलिस अवैध रूप से खड़े सब्जी के ठेलों और वाहनों को हटा रही थी। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। CO राजेश कसाना ने बताया कि आरोपियों ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर न केवल पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, बल्कि हमलावरों को महान बताकर उनका हौसला भी बढ़ाया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी या अभद्र वीडियो-फोटो अपलोड करने से बचें। साइबर सेल सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर रख रही है और ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


