भरतपुर। ब्रज होली महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 28 फरवरी को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ समारोहपूर्वक महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अतिरिक्त कलेक्टर ने कहा कि ब्रज होली की परंपराओं को संरक्षित करते हुए गारिमामय एवं पर्यटकों को आकर्षित करने वाले कार्यक्रम शामिल किए जाएं। उन्होंने सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों की भागीदारी तथा प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक लोगों को शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोक संस्कृति पर आधारित लोकगीतों एवं लोकनृत्यों को प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को आमंत्रित करने पर बल दिया। संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 28 फरवरी को सुबह 9 बजे से लोहागढ़ स्टेडियम में रस्साकशी, कबड्डी, दौड़, बैडमिंटन व खो-खो जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सुबह 11 बजे से राजकीय संग्रहालय में चित्रकला, मेंहदी-रंगोली, नींबू चम्मच व बोरी दौड़ प्रतियोगिता होंगी। इसी परिसर में दोपहर 1 बजे साफा बांधना एवं मूंछ प्रतियोगिता का आयोजन होगा। संध्या 7 बजे से विश्वप्रिय शास्त्री पार्क में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ब्रज अंचल के प्रसिद्ध लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर, सचिव नगर निगम विजय प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पीएचईडी केडी पांडेय, खेल अधिकारी अभिषेक, पुरातत्व विभाग के राजन कुमार सहित शिक्षा विभाग, बीडीए व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


