ब्राह्मण छह न्याति समाज विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव संपन्न:मनोज जोशी बने अध्यक्ष, घनश्याम नवहाल को मिली मंत्री की जिम्मेदारी

कुचामन सिटी के न्यू कॉलोनी स्थित कुचामन विद्या मंदिर प्रवेशिका विद्यालय में गुरुवार को ब्राह्मण छह न्याति समाज द्वारा संचालित विद्यालय प्रबंधन समिति के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हुए। चुनाव अधिकारी वैद्य नागरमल मिश्र की देखरेख में आयोजित इस प्रक्रिया में समाज के प्रबुद्धजनों ने आपसी सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया। चुनाव में मनोज जोशी को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि घनश्याम नवहाल को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में लॉयन नरेंद्र जोशी व रविकांत सारस्वत को उपाध्यक्ष, संजय उपाध्याय को संयुक्त मंत्री, गिरीराज खरीट को कोषाध्यक्ष तथा राजेन्द्र सिखवाल को लेखा परीक्षक निर्वाचित किया गया। ​आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत, पुरानी कार्यकारिणी का आभार चुनाव प्रक्रिया से पूर्व निवर्तमान कोषाध्यक्ष गिरीराज खरीट ने पिछले कार्यकाल का आय-व्यय ब्यौरा सदन के समक्ष रखा, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। निवर्तमान अध्यक्ष उमेश सर्राफ ने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी साझा की और सहयोग के लिए समस्त समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। ​परशुराम सर्किल और छात्रावास भूमि पर हुई चर्चा बैठक के दौरान विप्र समाज के अध्यक्ष घनश्याम गौड़ ने समाज के प्रमुख प्रोजेक्ट्स जैसे परशुराम सर्किल निर्माण की प्रगति और छात्रावास हेतु भूमि आवंटन के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। कार्यक्रम में मौजूद नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने सामाजिक एकता पर बल दिया और भरोसा दिलाया कि परशुराम सर्किल का निर्माण कार्य शीघ्र ही धरातल पर शुरू करवा दिया जाएगा। ​नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण और अभिनंदन नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज जोशी ने पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में सभी को साथ लेकर चलने और संस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया। चुनाव अधिकारी ने पूरी टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में समाजबंधुओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण, साफा बंधन और मुंह मीठा कराकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान भंवरलाल पारीक, बालकृष्ण जोशी, सुरेशकुमार गौड़ सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *