ब्रेकिंग न्यूज़:बजरी माफिया से खनन विभाग व पुलिस की मिलीभगत, एसआईटी बने तो खुलेगी पोल: सांसद पीपी चौधरी

– ‘दिशा’ – जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (ग्रामीण) की बैठक में सांसद ने कलेक्टर से मांगी तीन विभागों की रिपोर्ट – शेरगढ़ विधायक ने सड़क से जुड़े मुद्दे, तो ओसियां विधायक ने उठाया हेल्थ डिपार्टमेंट में धांधली का मामला जोधपुर शहर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में बजरी माफिया की दहशत लगातार बनी हुई है, लेकिन इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से माफिया बेखौफ हो चुका है। बिना खनिज विभाग और पुलिस की मिलीभगत के इतना कुछ संभव नहीं है। इनके खिलाफ यदि गहनता से जांच हुई, तो कई परतें खुल जाएंगी। कुछ ऐसे ही तल्ख लहजे में सांसद पी पी चौधरी ने फटकार लगाई पुलिस, खनिज विभाग और रेवेन्यू महकमे से जुड़े अफसरों को। मौका था जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ (ग्रामीण) की बैठक का। सांसद चौधरी ने कहा कि बजरी माफिया पर नकेल कसने और मिलीभगत की जांच के लिए एसआईटी गठित बने, तो इन सबकी पोल खुल जाएगी। उन्होंने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल को निर्देश दिए कि इन तीनों ही विभागों से संबंधित पूरी रिपोर्ट मंगवाए। इसके साथ ही उन्होंने तीनों विभागों से बजरी माफिया पर सख्त एक्शन लेने के निर्देश भी दिए। जिला परिषद जोधपुर की ओर से 24 दिसंबर को स्थानीय मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए संयुक्त संसदीय समिति (एक राष्ट्र – एक चुनाव) के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि किसी भी विकास कार्य से जुड़े मुद्दों की फाइलें अधिकारी खुद के पास रखने की बजाय उन पर उच्च स्तर पर नियमित कॉर्डिनेशन रखें और जहां कहीं भी फाइल रुकती दिखे, तो संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से स्वयं चर्चा करें। ताकि, विकास के कार्यों की रफ्तार कायम रहे। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जाए। हेल्थ डिपार्टमेंट में कब तक चलेगा गड़बड़झाला: सियोल ‘दिशा’ की बैठक में ओसियां विधायक भैराराम सियोल ने हेल्थ डिपार्टमेंट में चल रहे गड़बड़झाले पर खासी नाराजगी जताई। अपने विधानसभा क्षेत्र के एक प्रकरण की चर्चा करते हुए सियोल ने कहा कि एक व्यक्ति चुनाव लड़ने के लिए खुद की तीन संतान में से एक को कागजों में मार देता है और उससे जुड़े रिकॉर्ड को हेल्थ डिपार्टमेंट के कुछ लोग गायब करने में मदद कर रहे हैं। ऐसा कैसे संभव हो रहा है? ये वाकई हैरान करने वाला है और समय रहते इस पर एक्शन नहीं लिया गया, तो वे ये मुद्दा विधानसभा में भी उठाएंगे। सीएसआर से लगी सोलर लाइटें हुई खराब, अफसरों को पता ही नहीं सांसद चौधरी ने लोकसभा चुनाव से पहले अपने पिछले कार्यकाल में विभिन्न सीएसआर फंड से लगवाई गई सोलर लाइटों के बंद होने पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से उनके बारे में पूछा, तो अफसर इसका कोई जवाब नहीं दे पाए, क्योंकि उनके पास उन लाइट्स का कोई ब्यौरा तक उपलब्ध नहीं था। जबकि सांसद चौधरी ने लगवाने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को इन्हें स्टॉक में दर्ज कर नियमित रखरखाव की हिदायत भी दी थी। बीएसएनएल ने एक साल में लगा डाले 4जी नेटवर्क के 62 टॉवर बैठक में मोबाइल नेटवर्क कवरेज से अब तक वंचित क्षेत्रों पर चर्चा हुई। इस पर जानकारी देते हुए बीएसएनएल के जीएम एन. राम ने बताया कि नेशनल ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क प्रोजेक्ट के तहत ग्रामीण इलाकों में लगातार फाइबर नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र की स्कूलों, ग्राम पंचायतों, अस्पतालों व अन्य सरकारी विभागों के साथ-साथ आमजनता को बेहतर इंटरनेट कनेक्शन देने के लिए 182 ग्राम पंचायतों को इससे जोड़ा जा रहा है। साथ ही ऐसे इलाके, जहां किसी भी कंपनी का मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंच रहा है, ऐसे 62 इलाकों तो 4जी टॉवर लगा भी दिए हैं। इनमें से 45 से अधिक पर नेटवर्क चालू भी किया जा चुका है। इनमें से सर्वाधिक 15 टॉवर शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगने पर विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने खुशी जताई। इसके साथ ही उन्होंने सड़क से जुड़े प्रोजेक्ट्स के लिए सांसद चौधरी से आग्रह किया कि उनकी ओर से कई प्रस्ताव दिए गए हैं, उन पर स्वीकृति प्रदान कर केंद्र से फंड दिलवाएं, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके। 27 विभागों की कार्य समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने भी रखी बात ‘दिशा’ की बैठक में 27 विभागों के अधिकारियों ने अपने प्रेजेंटेशन के जरिए विभागीय योजनाओं व उनकी क्रियान्विति से जुड़ी जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़, बिलाड़ा विधायक अर्जुनलाल गर्ग, ओसियां विधायक भैराराम सियोल, भोपालगढ़ विधायक गीता बरवड़, केरू प्रधान अनुश्री पूनिया, तिंवरी प्रधान नीलम, शेरगढ़ प्रधान श्रवणसिंह, नगरपालिकाओं के कार्यवाहक अध्यक्ष, दिशा बैठक में मनोनीत सरपंचगण, कलक्टर गौरव अग्रवाल, जिप सीईओ डॉ. धीरजकुमार सिंह, जेडीए आयुक्त उत्साह चौधरी, एडीएम प्रथम जवाहर चौधरी, एडीएम द्वितीय सुरेन्द्रसिंह पुरोहित सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *