जबलपुर में ब्रेस्ट सर्जरी के क्षेत्र में एक नई और बड़ी शुरुआत होने जा रही है। देश में पहली बार मिनिमली इनवेसिव ब्रेस्ट सिम्पोज़ियम (MIBS इंडिया) का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में होगा। यह सिम्पोज़ियम ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी को आसान, सुरक्षित और कम तकलीफ वाली बनाने पर केंद्रित है। इसमें ऐसी आधुनिक तकनीकों पर चर्चा होगी, जिनसे बड़े ऑपरेशन की जरूरत कम होती है और मरीज जल्दी ठीक हो जाते हैं। रविवार को होने वाला यह कार्यक्रम अमेरिकन सोसाइटी ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स (ASBrS) से मान्यता प्राप्त है और ब्रेस्ट सर्जरी इंटरनेशनल (BSI) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। इससे भारत को दुनिया के उन्नत ब्रेस्ट सर्जरी मंच पर एक नई पहचान मिलेगी। देश–विदेश के बड़े डॉक्टर होंगे शामिल इस कार्यक्रम में पूरे भारत से 30 से अधिक ब्रेस्ट कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर भाग ले रहे हैं। इसके साथ ही ताइवान, सिंगापुर और यूनाइटेड किंगडम से भी वरिष्ठ डॉक्टर जुड़ रहे हैं। सिम्पोजियम के निदेशक डॉ. संदीप बिप्ते और डॉ. संजय यादव ने बताया कि इस मौके पर कार्यक्रम का उद्घाटन मेडिकल कॉलेज के डीन, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति शर्मा और अन्य विभागों के प्रमुख करेंगे। ये नामी डॉक्टर होंगे शामिल सिम्पोज़ियम के प्रोग्राम डायरेक्टर और ब्रेस्ट कैंसर सर्जन डॉ. संजय कुमार यादव ने कहा,“MIBS इंडिया एक नई सोच है। इससे भारत में ब्रेस्ट सर्जरी को और सुरक्षित, आसान और बेहतर बनाया जा सकेगा। यह तकनीक मरीजों के इलाज के साथ-साथ उनकी सुंदरता और आत्मविश्वास का भी ध्यान रखती है।”


