अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए भीलवाड़ा में अभियान चलाकर लगातार कार्रवाईयों को अंजाम दिया जा रहा है। इसी के तहत भीलवाड़ा की मांडल थाना पुलिस और डीएसटी ने मुखबिर से मिली सूचना के बाद एक कार से बड़ी मात्रा में डोडा चूरा जप्त किया है। मांडल थाना प्रभारी संजय गुर्जर ने बताया- अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, इसी के तहत थाना क्षेत्र में विशेष अभियान के तहत डीएसटी इंचार्ज अयूब मोहम्मद ने मोबाइल से सूचना दी कि बेरा की ओर से एक ब्लैक कलर की कार हरिपुरा चौराहे की तरफ आ रही है। इसमें अवैध मादक पदार्थ हो सकता है। इस सूचना पर कार को रोकने के लिए नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी को देखकर ड्राइवर ने कुछ दूरी पर रोका और ड्राइवर साइड से एक व्यक्ति कार से उतरकर भाग निकला। पुलिस ने इसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन यह व्यक्ति जंगल की ओर होता हुआ भाग गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो इसमें 7 कट्टों में अफीम डोडा चूरा पाया गया। थाने लाकर वेट करवाने पर यह 131 किलो 600 ग्राम मिला। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अफीम डोडा चूरा और कार को जप्त की। ये थे टीम में शामिल कार्रवाई में मांडल थाना प्रभारी संजय कुमार, डीएसटी प्रभारी अय्यूब मोहम्मद, हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र कुमार, कॉन्स्टेबल राजाराम,प्रताप राम,राघवेंद्र,किशोर मनीष,दिनेश,संजय, लहरु सुरेंद्र, श्रवण शामिल रहे।


