भास्कर न्यूज | कोरबा 3 करोड़ 33 लाख 33 हजार राम नाम लेखन के निर्धारित लक्ष्य से भी कहीं अधिक संख्या में कोरबा जिले के लोगों ने राम नाम का लेखन किया है। अयोध्या में निर्मित श्रीराम मंदिर के द्वितीय वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस अभियान को हाथ में लिया गया। 3 लाख ऐसी पुस्तकों को अयोध्या भिजवाने के लिए श्रीराम श्रद्धा सेतु यात्रा 12 जनवरी को शुरू होगी। 12 जनवरी को कोरबा से सुबह 9 बजे भक्तों का कारवां अयोध्या के लिए रवाना होगा। कुछ क्षेत्रों के राम भक्त जमनीपाली, एनटीपीसी गेट होते हुए कटघोरा पहुंचेंगे। गोपालपुर के आगे सड़क सुधार के कारण इस रास्ते को डायवर्ट किया गया है। बताया गया कि स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस पर सुबह 10.30 बजे कटघोरा के मेला ग्राउंड में एकत्रीकरण और पंजीकरण के बाद 11.15 से 12.45 तक युवा सम्मेलन होगा। दोपहर भोजन के बाद 2 बजे 500 बाइक में युवा और दो अन्य वाहनों में राम नाम लेखन पुस्तिका एवं कोरबा से अयोध्या के बीच की व्यवस्थाओं को देखने वाली टीम शामिल होगी। बताया गया कि कटघोरा से प्रस्थान के बाद मोरगा में 20 मिनट के अल्प विश्राम के बाद रात्रि 8 बजे श्रद्धालु अंबिकापुर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। 13 जनवरी को सुबह 7.15 बजे जलपान होगा और 8 बजे वाराणसी के लिए उनकी रवानगी होगी। दोपहर 1 बजे यूपी के मुर्धवा मोड़ में भोजन और सुकृत मिर्जापुर में अल्प विश्राम के बाद शाम 7 बजे ये सभी वाराणसी में होंगे। यहां इनका रात्रि विश्राम होगा। 14 जनवरी को सुबह 6 बजे जलपान के बाद 7 बजे अयोध्या के लिए रवानगी होगी। आयोजन समिति के अनुसार इसी दिन दोपहर 12 बजे अयोध्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज होगी। दोपहर ढाई बजे भोजन के बाद 3.30 बजे रामलला के दर्शन होंगे। इसी कड़ी में राम नाम लेखन पुस्तिकाएं पूजा अर्चना के साथ समर्पित की जाएगी। रात्रि विश्राम के साथ 9 बजे परिचय सत्र होगा। 15 जनवरी को अयोध्या से सुबह 7.15 बजे जलपान के बाद यह कारवां रेणुकूट के लिए प्रस्थान करेगा। जौनपुर में दोपहर भोजन के बाद 7 बजे इनकी रेणुकूट में उपस्थिति और रात्रि विश्राम तथा अगले दिन ये कोरबा में होंगे।


