भास्कर न्यूज | तरपोंगी ग्राम सगुनी में निषाद समाज द्वारा भक्त निषादराज की जयंती धूमधाम के साथ मनाई। इस अवसर पर विशेष रूप से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बाजे-गाजे के साथ गली-गली भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं ने एक साथ चलकर इस धार्मिक अवसर का आनंद लिया। कलश यात्रा के दौरान नाव पर सवार श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के साथ भक्त निषादराज को पतवार के साथ नाव खेते हुए एक आकर्षक झांकी निकाली गई, जो भक्तों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी। यह दृश्य बेहद भव्य और मनमोहक था, जिससे जयंती के पर्व की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर को निखारा गया। कार्यक्रम में मां शारदा मानस परिवार सोरिद महासमुंद द्वारा धार्मिक अनुष्ठान भी किया गया। समाज द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति प्रेरणा का संचार हुआ। इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्व व खेल मंत्री टंकराम वर्मा ने उद्बोधन में निषादराज जयंती की बधाई देते हुए उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। मंत्री वर्मा ने इस अवसर पर कलश यात्रा में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ यात्रा की और समाज की एकता व सांस्कृतिक गौरव को सराहा। कार्यक्रम में जनपद सदस्य देवेंद्र वर्मा, सरपंच रजत कश्यप, उप सरपंच ज्ञानदास मानिकपुरी, सुंगेरा सरपंच तारण दास साहू, पूर्व सरपंच पुरुषोत्तम निषाद, मोहदा सोसायटी अध्यक्ष डॉ. शोभित वर्मा, खैरखूंट सोसायटी अध्यक्ष रोमलाल साहू, खैरखूंट पूर्व सरपंच शिव कुमार हनुमंता, पंच प्रतिनिधि सीताराम साहू, गिरीश साहू, टेकराम यदु, चैतराम निषाद गौटिया, बिसरू निषाद दीवान, पवन निषाद, तेजराम वर्मा, अमर सिंह यादव, ठाकुर राम कन्नौजे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


