भास्कर न्यूज| अमृतसर एडिश्नल कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने भगतांवाला साइट का दौरा कर बायोरेमिडेशन काम की समीक्षा की। इस दौरान एडिश्नल कमिश्नर ने वैज्ञानिक निपटान के लिए स्थापित आधुनिक मशीनरी का जायजा लिया। उन्होंने ‘इकोस्टैन’ कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य में और तेजी लाने तथा इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजा कचरे के संग्रह और परिवहन में लगे वाहनों की आवाजाही सुचारू रहनी चाहिए ताकि शहर की सफाई व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से 4 जनवरी तक 1,50,551 एमटी कूड़ा खत्म कराया जा चुका है। औसतन प्रतिदिन 2,452.5 एमटी कूड़ा प्रोसेसिंग करवाया जा रहा। 31 दिसंबर तक 1,40,741 एमटी कूड़ा खत्म कराया गया था। 1 से 4 जनवरी तक कूड़ा प्रोसेसिंग की क्षमता 2,415 से 2,490 एमटी रही है। एडिश्नल कमिश्नर ने इकोस्टैन कंपनी के अधिकारियों को बायोरेमिडेशन में तेजी लाने व निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा साइट पर नई मशीनरी क्लीनमैन स्थापित की गई है। जो अकेले डेली 300 एमटी कूड़ा खत्म करने की क्षमता रखती है। जिसके बाद अब कूड़ा प्रोसेसिंग की क्षमता डेली 2,400 एमटी से बढ़ाकर 5,000 एमटी पहुंच गई है।


