भगवान देवनारायण 1113वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने की। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी सहित कई नेता उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि गुर्जर समाज ने देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने समाज के इतिहास को याद करते हुए कहा कि बाहरी आक्रमणों के समय गुर्जर समाज ने डटकर मुकाबला किया। उन्होंने बताया कि सरकार ने एक साल में पशुपालकों के लिए बीमा योजना शुरू की है और अन्य कई योजनाएं भी लागू की जा रही हैं। भगवान देवनारायण समाज को एकजुट करने वाले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने संबोधन में भगवान देवनारायण को समाज को एकजुट करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भगवान देवनारायण कमल पर विराजमान हैं, इसलिए समाज हमेशा कमल के साथ रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि गुर्जर समाज के सहयोग से भाजपा को आगामी चुनावों में भी समर्थन मिलेगा। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने कहा कि गुर्जर समाज सीधा-सादा और मेहनतकश है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए बताया कि सरकार भगवान देवनारायण मंदिर के विकास की योजना बना रही है। समारोह में महापौर सौम्या गुर्जर, जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजाराम मील, अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र नायक, पूर्व मंत्री कालूलाल गुर्जर, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री रघुराज कसाना, विधायक उदयलाल भड़ाना सहित कई गणमान्य लोग और समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


