भजनलाल बोले-जिन्हें विकास नहीं दिख रहा वे आंख टेस्ट कराएं:आहोर में सीएम की रैली के बाहर कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन, हिरासत में लिया

सीएम भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर 2 बजे आहोर पहुंचे। जहां उन्होंने कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान जिसमें सड़क, कॉलेज, गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण शामिल है। वहीं सीएम के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएम और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। सीएम बोले-विकास नहीं दिख रहा तो शिविर में आंखें चेक करा लें
सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- आप विरोध करते हैं, विरोध करना आपका काम है। मगर मैं हर रोज बोल रहा हूं, कि आपके पास आंकड़े हैं तो बताइए कि आपने कितना काम किया है और मैने कितना काम किया है। अगर आपकी दृष्टि में नहीं आ रहा है तो अब राजस्थान के स्कूलों में बच्चों के लिए आंखों के कैंप लगाए जा रहे हैं। जिसमें आंखों की जांच होगी। अगर जरूरत होगी तो चश्मा भी मिलेगा। इसलिए मैं कांग्रेस के लोगों से कहना चाहता हूं कि आपको अगर नहीं दिखाई दे रहा है तो उन शिविरों में कांग्रेस के लोग जाएं, आंखों की जांच कराएं। जरूरत हो तो उनको चश्मा भी उपलब्ध करा देवें। जिससे उन्हें दो साल का विकास तो दिख ही जाएगा। बाकी मैं आपके मन को ठीक नहीं कर सकता लेकिन आंखों की कमी का इलाज तो है। जिला अध्यक्ष समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया
दोपहर 2:30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता आहोर स्थित राजकीय खेल मैदान के गेट के बाहर पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी कई मांगों को लेकर सीएम को ज्ञापन देने के लिए पहुंचे। इस दौरान पुलिस कांग्रेस जिला अध्यक्ष रमिला मेघवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष कंवर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सरोज चौधरी, पीसीसी सदस्य सवाराम पटेल, ऊम सिंह चांदराई, पूर्व जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल सहित कई कार्यकर्ता को हिरासत में लेकर सभा स्थल से 5 किलोमीटर दूर एक निजी होटल में रखा। आहोर से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहीं सरोज चौधरी ने बताया- कांग्रेस कार्यकर्ता आहोर में मूंग खरीद को लेकर हो रही परेशानी, आहोर और जालोर के लिए जवाई और माही का पानी, धीमी गति से चल रहे सड़क और पुलिया, सांचौर के फिर से जिला बनाने और रानीवाड़ा नगर पालिका को बहाल करने की मांग को लेकर सीएम को ज्ञापन देना चाहते थे। वहीं विरोध प्रदर्शन के दौरान पीसीसी सदस्य ऊम सिंह चाँदराई का पर्स चोरी हो गया। जिसमें करीब 12-13 हजार रुपए और आवश्यकता कागजात थे। आहोर, सांचौर और जालोर को दी सौगात
जनसभा के दौरान सीएम भजनलाल शर्मा ने आहोर को कई सौगात दीं। जिसमें उण से भैसवाड़ा, अलावा सी से पावटा, भागली पुरोहितान से आहोर, गुडा बालोतान से थांवला, अगवरी से कुआडा, छिपरवाड़ा से आहोर, चांदना से सियाणा, हरजी से सिरोही सीमा तक 17 किलोमीटर सड़क का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने आहोर और जालोर में कुल 75.38 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। जिसमें 2.85 करोड़ की लागत से 33/11 सब स्टेशन हेमागुढ़ा, पीएम कुसुम योजना-सी के तहत 4 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र, राजकीय कृषि महाविद्यालय केशवना के लिए 8.80 करोड़ रुपए के विकास कार्य और सांचौर में पिछड़े वर्ग की लड़कियों के हॉस्टल के लिए 2.80 करोड़ रुपए की सौगात दी। हेलीपेड पर बीजेपी नेताओं ने किया स्वागत
इससे पहले 2 बजे सीएम का हेलिकॉप्टर खेल मैदान में बने हेलीपेड पर उतरा। जहां जालोर विधायक और विधानसभा मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, पूर्व विधायक आहोर शंकर सिंह राजपुरोहित, पूर्व विधायक रानीवाड़ा नारायण सिंह देवल, जिला अध्यक्ष जसराज राजपुरोहित, पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी, भीनमाल के पूर्व विधायक पूराराम चौधरी समेत कई कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया गया। सीएम एक घंटा 20 मिनट तक आहोर में रूके। इसके बाद 3 बजकर 20 मिनट पर रवाना हो गए। सभा स्थल पर बने बाथरूम में लगी टाइल को लेकर विवाद
सीएम की सभा से पहले मैदान में स्थित एक बाथरूम को चालू कर दिया गया। इस दौरान अंदर लगी टाइल्स पर बनी दीपक की डिजाइन को लेकर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई। विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ता रेवत सिंह मांगलिया बताया ने बताया-हमारे कार्यकर्ताओं ने जब बाथरूम में देखा तब पता लगा। इस पर उन्होंने इस विषय में हमें सूचना दी। हमने विरोध किया। अन्य हिन्दू संगठन वहां पहुंचे और बाथरूम को बंद कराया। सभा से जुड़ी तस्वीरें …. यह भी पढ़ें सीएम बोले-हमने कई मगरमच्छ पकड़े,आगे भी किसी को नहीं छोड़ेंगे:हमने जनता से किए वादों का 70% काम 2 साल में पूरा किया; 50 विकास रथों को किया रवाना सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- हमने केवल कहा नहीं, बल्कि करके दिखाया है यह आंकडे बताते है। हमने संकल्प-पत्र में कुल 392 संकल्प लिए गए थे, जिसमें से 274 संकल्प या तो पूरे कर दिए गए हैं या प्रगति पर है। हमने जो काम 5 साल में पूरे करने का वादा किया था। उसमें से 70 प्रतिशत काम 2 साल में पूरा कर दिया है। (यहां पढ़ें पूरी खबर)

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *