भटगांव विधानसभा के वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में 33 नई सड़कों का निर्माण होगा। इनमें ओड़गी के पहुंचविहीन इलाके भी शामिल हैं। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए क्षेत्र में 150.56 करोड़ रुपए की लागत से सड़कों के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। इससे भैयाथान और ओड़गी ब्लॉक के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि स्वीकृत सड़कों में ओड़गी और भैयाथान ब्लॉक के कई ऐसे मार्ग शामिल हैं, जिनकी मांग लंबे समय से क्षेत्रवासी कर रहे थे। इन सड़कों के बनने से सुदूर वनांचल क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मुख्य मार्गों से हो जाएगी। इन सड़कों के निर्माण से कई पहुंचविहीन गांवों तक पहुंच आसान हो जाएगी। इन सड़कों को मंजूरी
जिन सड़कों के निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिली है उनमें ओड़गी नवाटोला रोड (8.20 किमी से धुईडीह, पंडोपारा) सबसे प्रमुख है। 29 करोड़ की लागत से यह सड़क बनेगी एवं इससे कई पहुंचविहीन गांव व बसाहटें मुख्यमार्ग से जुड़ जाएंगे। इसके अलावे भवरखोह से जमड़ी (लागत- 9.50 करोड़), खोंड नवापारा से केसर (लागतः 8.73 करोड़), माड़र से भाड़ी नवापारा (लागतः 8.38 करोड़) भैयाथान ब्लॉक में भौराही देवालय से शिवपुर मार्ग के लिए स्वीकृति मिली है, जिसकी मांग लंबे समय से की जा रही थी। सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। 150.56 करोड़ की राशि से स्वीकृत ये सड़कें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देंगी। किसानों, छात्रों और आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से निजात मिलेगी। लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि हम गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। जल्द ही सड़कों का निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।


